Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में पूरी हुई मेसी की भारत यात्रा

नई दिल्ली। महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी का भारत दौरा संपन्न हो गया। कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई के बाद सोमवार को वे दिल्ली पहुंचे, जहां अरुण जेटली स्टेडियम में उनका भव्य स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने मेसी को टी20 विश्व कप की इनविटेशनल टिकट दी। उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की गई। जय शाह ने मेसी को 2024 का टी20 विश्व कप टीम के ऑटोग्राफ वाला बैट भी गिफ्ट किया।

मेसी के स्वागत में स्टेडियम में बड़ी संख्या में प्रशंसक जुटे थे। मेसी ने स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज के साथ किक मारकर दर्शकों की ओर फुटबॉल उछाली, जिसमें से एक किक सीधे स्टेडियम के दूसरे माले तक पहुंच गई। मेसी ने बच्चों के साथ फुटबॉल खेला।

मेसी को सुबह ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंचना था, लेकिन दिल्ली में घने कोहरे के कारण उनकी उड़ान को रोक दिया गया। उनको मुंबई एयरपोर्ट पर ही कुछ समय तक रुकना पड़ा। वे करीब तीन बजे दिल्ली पहुंच सके। मेसी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलने का कार्यक्रम था लेकिन उनके दिल्ली पहुंचने से पहले ही प्रधानमंत्री जॉर्डन सहित तीन देशों की यात्रा पर रवाना हो गए। बहरहाल, अरुण जेटली स्टेडियम में सेलिब्रिटी मेसी ऑलस्टार और मिनर्वा मेसी ऑलस्टार्स के बीच दोस्ताना मैच खेला गया।

Exit mobile version