शिमला। बारिश का सीजन समाप्त होने और कई इलाकों में बर्फबारी शुरू हो जाने के बाद भी हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन नहीं रूक रहा है। मंगलवार की शाम को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक यात्री बस पर पहाड़ का मलबा गिर गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि जिले के एसपी ने 15 मौतों की बात कही है। साथ ही बताया है कि दो बच्चों को सुरक्षित निकाला गया।
प्रदेश आपदा प्रबंधन फोर्स यानी एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य किए। बिलासपुर के एसपी ने बताया कि ज्यादातर मलबा हटाया जा चुका है। बस में बचे हुए मलबे को हटाने का काम जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई और यात्री बस में न दबा हो। दरअसल, बिलासपुर के कई क्षेत्रों में आज सुबह से ही बारिश हो रही है। उसी वजह से यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि बरठीं के पास भलू में शाम साढ़े छह बजे के करीब यह हादसा हुआ। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। भलू के पास बस पर पहाड़ का मलबा गिर गया। इसके नीचे दब गई बस की केवल छत नजर आ रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, ‘हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई एक दुर्घटना में हुई जान माल की हानि से गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं’। उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे’।
