यरुशलम, भाषा। भारत और इजराइल ने बृहस्पतिवार को अपने संबंधों को और मजबूत करते हुए उन्हें विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने का भी निर्णय लिया।
इजराइल के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के बीच वार्ता के बाद व्यापार, कृषि, ऊर्जा, साइबर सुरक्षा और डिजिटल भुगतान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। भारतीय यूपीआई को इजराइल में लागू करने पर भी सहमति बनी।
दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तहत संयुक्त विकास और उत्पादन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
अपने मीडिया बयान में मोदी ने कहा कि भारत का सुरक्षा हित पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता से जुड़ा है। उन्होंने गाजा शांति पहल का समर्थन करते हुए कहा कि मानवता को संघर्ष का शिकार नहीं बनना चाहिए।प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर इजराइल पहुंचे। यह नौ वर्षों में उनका दूसरा इजराइल दौरा है।
