Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विमान यात्रियों को मिली बड़ी राहत

नई दिल्ली। नागरिक विमानन मंत्रालय ने हवाई यात्रियों की एक बड़ी समस्या का समाधान किया है। अब यात्रियों को विमान की टिकट लेने के बाद सीट के लिए अलग से चार्ज नहीं देना होगा। विमानन मंत्रालय ने नए नियम जारी किए हैं, जिनमें विमानन कंपनियों से कहा है कि वे हर उड़ान में कम से कम 60 फीसदी सीटें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देंगे। यह निर्देश घरेलू उड़ानों पर लागू होगा।

इसके साथ ही विमानन मंत्रालय ने एक और बड़ी सुविधा दी है। मंत्रालय ने कहा है कि एक ही पीएनआर यानी बुकिंग रेफरेंस पर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ बैठाना होगा। यह भी कहा गया है कि उन्हें आस पास की सीटें देनी होंगी। गौरतलब है कि मौजूदा नियमों में यात्रियों के लिए 20 फीसदी सीटें ही बिना एक्स्ट्रा चार्ज के बुक की जा सकती हैं, जबकि बाकी सीटों के लिए भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में विमानन कंपनियों ने हर कतार की मिडिल सीट को फ्री रखा था। बाकी सीटों के लिए अतिरिक्त पैसे देने होते थे और इस वजह से कई बार विमानन कंपनियां एक ही पीएनआर के यात्रियों को अलग अलग सीट देती थी।

गौरतलब है कि विमानन कंपनियां अभी अलग अलग सीटों के लिए पांच से 12 सौ रुपए एक्स्ट्रा चार्ज करती हैं। टिकट लेने के साथ ही वेब चेक इन करने पर मुफ्त सीट के नाम पर सिर्फ 20 फीसदी सीटों के विकल्प मिलते हैं और उनमें भी ज्यादातर मिडिल सीट होती है। मंत्रालय ने कहा है कि अब हर उड़ान में 60 फीसदी सीटें फ्री होंगी। इसके अलावा म्यूजिक और स्पोर्ट्स उपकरण या पालतू पशुओं को ले जाने के नियमों को भी आसान किया गया है।

Exit mobile version