nayaindia Manipur violence मणिपुर में ताजा हिंसा में तीन की मौत
News

मणिपुर में ताजा हिंसा में तीन की मौत

ByNI Desk,
Share

इंफाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मणिपुर यात्रा और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के ड्रामे के बीच राज्य में फिर बड़ी हिंसा की खबर है। गुरुवार को हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में पुलिस का एक जवान भी है। गुरुवार को सेना ने इस गोलीबारी की जानकारी दी थी और बताया था कि कुछ लोगों ने सेना के जवानों के ऊपर भी गोली चलाई थी।

गुरुवार को हिंसा की दो घटनाएं हुईं, जिनमें से एक गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे कांगपोकपी जिले में हुई। वहां हथियार बंद लोगों ने गोलीबारी की। इस घटना में दो लोगों की जान गई थी। लोगों ने शवों को लेकर मुख्यमंत्री आवास तक जुलूस निकालने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया था। इसके अलावा, गुरुवार शाम को ही हिंसा की जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी की भी गोली लगने से मौत हो गई थी।

गौरतलब है कि मणिपुर में तीन मई से कुकी और मैती समुदाय के बीच हिंसा जारी है। हिंसा में अब तक करीब 135 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं चार सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 60 हजार के करीब लोग विस्थापित हुए हैं। इस बीच राज्य में लगातार हो रही हिंसा को देखते हुए इंटरनेट पर पाबंदी पांच जुलाई तक बढ़ा दी गई है। तीन मई को जब से हिंसा शुरू हुई है तभी से राज्य में इंटरनेट बंद हैI

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें