Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में भीषण आग, नौ लोगों की मौत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला इमारत में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। इनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है। दिल्ली फायर सर्विस की ओर से बताया गया है कि रविवार को तड़के चार बजे से थोड़ा पहले आग लगने की सूचना मिली।

चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब आठ बजे आग पर काबू पाया गया। इमारत के अंदर फंसे 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं। मरने वालों के शव इमारत के अलग अलग फ्लोर से बरामद किए गए। स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि कुछ शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि सिर्फ कंकाल बचा है। डीएनए टेस्ट के बाद ही मरने वालों की पहचान हो पाएगी।

शुरुआती जांच के आधार पर कहा जा रहा था कि एसी में धमाके के बाद आग फैली। हालांकि शाम तक अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस बीच मरने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपए देने की घोषणा हुई। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद मिलेगी। बहरहाल, दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इमारत के पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से पांच शव और सीढ़ियों से तीन शव मिले, जहां दरवाजा बंद था। आशंका है कि लोगों ने छत पर भागकर जान बचाने की कोशिश की थी। हर फ्लोर पर चार चार बेडरूम के दो फ्लैट थे।

पुलिस ने बताया है कि दूसरे फ्लोर पर मिले मरने वालों की पहचान अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन, बेटे निशांत जैन, बहू आंचल जैन और डेढ़ साल के पोते आकाश जैन के रूप में हुई है। मरने वाले सभी जैन समुदाय के हैं। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि सब एक ही परिवार के हैं या अलग अलग परिवार के।

Exit mobile version