Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

माइक्रोसॉफ्ट का पूरा सिस्टम ठप

education ministry

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक माइक्रोसॉफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण इसका सिस्टम कई घंटे तक ठप रहा। इसका असर दुनिया भर में दिखा। दुनिया भर के देशों में विमानों के संचालन पर असर हुआ तो बैंकिंग, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों को भी कामकाज में बाधा आई। इससे दुनिया भर की बड़ी कंपनियों और सरकारी संस्थाओं के कामकाज पर असर पड़ा है। हॉन्गकॉन्ग में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं तो ऑस्ट्रेलिया में खुफिया और पुलिस सेवा में परेशानी हुई।

उधर जापान में सरकारी सिस्टम और फिलीपींस में अदालतों का कामकाज बी प्रभावित हुआ। कई जगह स्कूलों, अस्पतालों का कामकाज ठप हो गया। भारत में हवाई सेवाओं पर इसका असर दिखा। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो उड़ानों में देरी हुई। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी करके यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेटस चेक करने को कहा।

बताया गया है कि दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की जरूरी ऑनलाइन सेवाएं 15 घंटे से ज्यादा समय ठप रहीं। इससे दुनिया  भर में ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर फाइल सेव करने जैसे कई काम नहीं हो सके। भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार की रात पौने 10 बजे के करीब यह समस्या शुरू हुई। एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर से अकेले माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक न चल पाने की डेढ़ लाख से ज्यादा शिकायत मिली हैं। बाद में शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से कहा गया कि सिस्टम में खराबी सॉफ्टवेयर के गलत तरीके से अपडेट होने की वजह से आई, लेकिन अब तक इसे ठीक नहीं किया जा सका है।

Exit mobile version