मुंबई। अपने पूरे करियर में घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मिथुन मन्हास को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अपने जीवन में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला बीसीसीआई के उपाध्यक्ष बने हैं। देवजीत सैकिया को सचिव और रघुराम भट को कोषाध्यक्ष चुना गया है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के भाई अरुण ठाकुर फिर से आईपीएल के चेयरमैन चुने गए हैं। रविवार को मुंबई में बीसीसीआई ऑफिस में हुई सालाना बैठक के बाद पदाधिकारियों के चुनाव का ऐलान हुआ।
घोषणा के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर मिथुन मन्हास को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘मिथुन मन्हास आधिकारिक रूप से बीसीसीआई के अध्यक्ष बन गए हैं। मन्हास ने जम्मू कश्मीर से अंडर 15, अंडर 16 और अंडर 19 खेला। उन्होंने तीन साल जम्मू कश्मीर के लिए अंडर 19 खेला’। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर क ओर से खेलने के बाद मन्हास दिल्ली आ गए थे। दिल्ली की टीम के कप्तान रहे थे।
