Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पीएम के रूप में मोदी के 4,399 दिन पूरे

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार का कहना है कि मोदी ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बुधवार को पूरे देश में इसका जश्न मनाया गया। राजधानी दिल्ली में कई कार्यक्रम हुए, जिसमें प्रधानमंत्री का सम्मान किया गया।

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस तरह 10 जून को उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हो गए। 1952 के पहले चुनाव में जीतने के बाद से पंडित जवाहर लाल नेहरू 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे थे। मोदी बतौर प्रधानमंत्री उससे ज्यादा दिन तक पद पर रहे। प्रधानमंत्री मोदी का यह तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने लगातार तीन चुनाव जीत कर प्रधानमंत्री बनने के भी पंडित नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी की है।

बहरहाल, मोदी के बतौर प्रधानमंत्री 4.399 दिन पूरे करने के मौके पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक हुई, जिसमें मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और एक विशेष प्रस्ताव पारित करके प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इसके बाद भारत मंडपम में एनडीए की भी बैठक हुई, जिसमें भाजपा के साथ सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए। भाजपा और सभी सहयोगी दलों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों की ओर से भी प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने सहयोगियों के लिए रात्रिभोज का भी आयोजन किया।

बहरहाल, एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष प्रस्ताव पेश किया गया। यह प्रस्ताव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रखा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इसका समर्थन किया। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सहित प्रमुख नेता शामिल हुए।

Exit mobile version