Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने चेन्नई में मेट्रो प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया

चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक दिन के दौरे पर चेन्नई पहुंचे। वहां एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने उनका स्वागत किया। विजय उनके साथ एक मंदिर में भी गए। मोदी ने चेन्नई में मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री विजय ने भी उनके साथ मेट्रो में सफर किया। एक दिन पहले शनिवार को राहुल गांधी चेन्नई में थे और मुख्यमंत्री विजय ने उनके साथ खाना खाया था।

बहरहाल, अपनी चेन्नई यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कहा कि मंदिरों से लेकर मेट्रो तक तमिलनाडु में नए भारत की झलक दिखती है। भारत अपनी सांस्कृतिक ताकत से प्रेरणा लेता है, वैज्ञानिक प्रगति के जरिए आगे बढ़ता है। उन्होंने चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के प्रोजेक्ट के 14.6 किमी लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन किया। मोदी ने ट्रेन में यात्रा की, इस दौरान तमिलनाडु के सीएम विजय भी उनके साथ मौजूद थे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय के गोल्डन जुबली कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों से कहा कि भारत का भविष्य बहुत शानदार होगा। मोदी ने कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है’। इसके बाद उन्होंने बच्चों से ‘वी विल डू इट’ का नारा लगवाया। 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद प्रधानमंत्री मोदी का पहला चेन्नई दौरा था।

इस दौरान मोदी ने कहा, ‘आज आपके बीच आकर, आपके सपनों को महसूस करके मेरा विश्वास और मजबूत हुआ है। मैं कह सकता हूं भारत का भविष्य बहुत शानदार होगा। और उस भविष्य के सबसे बड़े हीरो आप हैं’। इसके आगे उन्होंने कहा, ‘मुझे आपके टैलेंट, कॉन्फिडेंस, योग्यता पर भरोसा है। इसलिए आज मैं आप सभी के साथ कुछ बड़े संकल्प दोहराना चाहता हूं। अब जो मैं कहूंगा उसके बाद आपको बोलना है, वी विल डू इट… डेवलप तमिलनाडु, डेवलप इंडिया…वी विल डू इट…’।

Exit mobile version