Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए मोदी को न्योता

नई दिल्ली। ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के जुलाई के पहले हफ़्ते में होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है। सूत्रों के अनुसार श्री मोदी को यह निमंत्रण ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान की ओर से भेजा गया है। सूत्रों ने कहा, ‘ईरान के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है।’ हालाकि यहां सरकार की ओर से अभी तक इस निमंत्रण की पुष्टि नहीं की गयी है। ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्म चार जुलाई को शुरू होगी और नौ जुलाई को पूर्वोत्तर ईरान के पवित्र शहर मशहद में उन्हें दफ़नाए जाने के साथ संपन्न होगी। मशहद उनका गृहनगर भी था।

ईरान के 86 वर्षीय नेता की गत 28 फरवरी को तेहरान पर इज़राइल और अमेरिका के हवाई हमलों के पहले दिन ही मौत हो गई थी। उन्होंने 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में काम किया। उनका अंतिम संस्कार उस समय नहीं हो सका था क्योंकि तीनों देशों के बीच उस समय युद्ध हो रहा था।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चार जुलाई को तेहरान के ग्रैंड इमाम खुमैनी मोसाला में विदाई समारोह के साथ होगी। तेहरान में मुख्य अंतिम संस्कार जुलूस छह जुलाई को निर्धारित है।

Exit mobile version