Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जी-7 के बाद क्रोएशिया पहुंचे मोदी

नई दिल्ली। कनाडा के अल्बर्टा में जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रोएशिया के दौरे पर पहुंच गए हैं। पांच दिन में तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को क्रोएशिया पहुंचे। राजधानी जगरेब पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत हुआ। भारतीय मूल के लोगों ने मोदी के स्वागत में मंत्र पढ़े और भारतीय नृत्य किया। प्रधानमंत्री मोदी क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से दोपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है।

गौरतलब है कि क्रोएशिया यूरोपीय संघ का सदस्य है। तभी माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत की यूरोपीय देशों के साथ साझेदारी बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। दोपक्षीय वार्ता के बाद दोनों के देशों के बीच व्यापार, तकनीक, फार्मा, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है। क्रोएशिया की यात्रा कूटनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है। खास कर रूस और यूक्रेन के युद्ध के नजरिए से।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा में जी-7 सम्मेलन से इतर कई देशों के नेताओं के साथ दोपक्षीय वार्ता की। वे इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मिले। मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली के संबंध बहुत पुराने और मजबूत हैं। प्रधानमंत्री ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क  कार्नी से मुलाकात की तस्वीरें साझा की। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में सुधार को लेकर सहमति बनी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर मर्ज के साथ भी प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।

Exit mobile version