नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार की शाम को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी एसआरसीसी के छात्रों को संबोधित किया और उनसे संवाद भी किया। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोदी मेट्रो ट्रेन से यूनिवर्सिटी पहुंचे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री कार्यालय यानी सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन से यलो लाइन की सीधी मेट्रो सेवा दिल्ली यूनिवर्सिटी तक की है। अगर प्रधानमंत्री मोदी शाम में ट्रैफिक के समय गाड़ी से यूनिवर्सिटी जाते तो कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम हो सकता था। इसलिए वे सीधी मेट्रो सेवा से यूनिवर्सिटी पहुंचे।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो में बैठे बच्चों और अन्य यात्रियों से बातचीत की। गौरतलब है कि एसआरसीसी के एक सौ साल पूरे होने पर कॉलेज का शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है। समारोह की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने एक सौ रुपए का सिक्का जारी किया। इसी साल अप्रैल में वे डाक टिकट भी जारी कर चुके हैं। मोदी ने इससे पहले 2013 में श्रीराम कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया था। उस समय वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उसके बाद उनको भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाया गया था।
शनिवार, पांच सितंबर को एसआरसीसी के कार्यक्रम के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘इस कॉलेज ने एकेडमिक एक्सीलेंस, संस्थान बनाने और बिजनेस, पब्लिक लाइफ और समाज में लीडर्स की पीढ़ियों को तैयार करने के मामले में सालों में अपनी अलग पहचान बनाई है’।
