Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने पायलट स्मित मच्छार से बात की

नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की इजराइल जा रही उड़ान में 174 लोगों की जान बचाने वाले भारत के जांबाज पायलट से शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की। पायलट स्मित मच्छार का अभी सऊदी अरब में इलाज चल रहा है। मोदी ने उनसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। करीब नौ मिनट की इस बातचीत में मोदी ने स्मित की जम कर तारीफ की। उन्होंने पहले स्मित मच्छार के परिवार के लोगों से भी बात की थी।

गौरतलब है कि स्मित ने बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान की हाइजैकिंग नाकाम की थी। ओमानी को पायलट ने उन्हें कॉकपिट में चाकू मार दिया था फिर भी स्मित ने प्लेन क्रैश नहीं होने दिया। उन्होंने न सिर्फ हाईजैक का अलर्ट भेजा, बल्कि कॉकपिट का दरवाजा भी खोल दिया, जिससे लोगों ने हमलावर पायलट को काबू में किया।

बहरहाल, शुक्रवार को बातचीत में मोदी ने स्मित से कहा, ‘पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा था और आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा था। आपके साहस और सूझबूझ से कई लोगों की जान बची’। बातचीत के दौरान स्मित ने कहा, ‘मुझे पता था कि यह आखिरी मौका है। दरवाजा वहीं था और मैंने उसे खोल दिया। मैं मुश्किल समय में हनुमान चालीसा पढ़ता हूं और उस समय भी पढ़ रहा था। मुझे पता है कि भगवान ने ही हमें बचाया’।

बातचीत के दौरान मोदी ने कहा, ‘आपने इतना बड़ा काम किया है कि देश का हर नागरिक और दुनिया के लोग आपको देखना और आपसे बात करना चाहते हैं। आपने हनुमान चालीसा के बारे में जो बताया, उसके लिए मैं आपकी मां गीताबेन को प्रणाम करूंगा कि उन्होंने आपको ऐसे संस्कार दिए। मैं आपके पिता भूपेंद्रभाई को भी प्रणाम करूंगा’। मोदी ने कहा, ‘कल जब मेरी सोनलबेन से बात हुई तो मैं हैरान रह गया। वे इतनी शांति और हिम्मत से बात कर रही थीं। मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि ऐसी परिस्थिति में वे इतनी सहजता से बात कर पाएंगी’।

Exit mobile version