Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बड़े हिस्से में नहीं पहुंचा मानसून

नई दिल्ली। जून का तीसरा हफ्ता समाप्त होने जा रहा है और अभी तक देश के बड़े हिस्से में मानसून नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले चार दिन से मानसून ठहरा हुआ है। 17 जून की सुबह ली गई सेटेलाइट तस्वीरों में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक के ऊपर मानसूनी बादल नहीं हैं। इससे पहले 14 जून को मानसून के बादल हर जगह दिख रहे थे लेकिन 15 जून को बादल गायब हो गए।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 723 जिलों में से सिर्फ 103 में ही सामान्य बारिश हुई है। यानी, देश के ज्यादातर हिस्से में सामान्य से कम बारिश हुई है। इसका मुख्य कारण यह है कि बंगाल की खाड़ी में खूब मजबूत कम दबाव का क्षेत्र नहीं बन पा रहा है। गौरतलब है कि चार जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून 13 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।

पिछले सात दिन से मानसून तेलंगाना के भद्राचलम में अटका हुआ है। इसी वजह से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बारिश में देरी हो गई है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मानसूनी बारिश भले ही नहीं हो रही है लेकिन प्री मॉनसून एक्टिविटीज और लोकल सिस्टम्स की वजह से देश के अधिकांश राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे बना हुआ है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा में हीटवेव से राहत मिली है।

Exit mobile version