Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केरल, दिल्ली में ज्यादा कोरोना केस

कोरोना

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के आंक़डों के मुताबिक एक्टिव केसेज की संख्या पांच हजार के करीब पहुंच गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 51 हो गई है। गुरुवार के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सात लोगों की मौत हुई है और 564 नए केसेज मिले हैं। इनमें से चार सौ से ज्यादा केस सिर्फ चार राज्यों में मिले हैं। केरल, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में एक एक सौ से ज्यादा केसेज मिले हैं।

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस केरल में हैं। उसके बाद एक्टिव केसेज के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर है। केरल में 1,487 एक्टिव केस हैं, जबकि दिल्ली में 562 एक्टिव केस हैं। 526 केसेज के साथ महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है। सरकार के गुरुवार के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 114 केस केरल में आए, जबकि कर्नाटक में 112 केसेज मिले हैं। पश्चिम बंगाल में 106 और दिल्ली में 105 नए केस मिले हैं। दिल्ली में अब तक सात लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।

देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 51 पहुंच गया है। बुधवार को कोरोना से कुल सात लोगों की जान चली गई। इनमें महाराष्ट्र में तीन और दिल्ली व कर्नाटक में दो-दो मौतें हुईं। देश में एक्टिव केस की संख्या 4,866 हो गई है। इस बीच, केंद्र सरकार के निर्देश पर गुरुवार को देश भर के सभी राज्यों के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल का आयोजन  किया गया। इस दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई, जरूरी दवाओं की स्थिति और वेंटिलेटर की व्यवस्थाओं की  जांच की गई। इससे पहले 2 जून को एक शुरुआती मॉक ड्रिल हुई थी।

Exit mobile version