नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क ने मुकेश अंबानी को लेकर नया तंज किया है। उन्होंने सेटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सेवा देने वाली अपनी कंपनी स्टारलिंक की भारत में कथित तौर पर एंट्री रोके जाने को लेकर रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी पर लगातार दूसरे दिन निशाना साधा। मस्क ने सोशल मीडिया पर ‘डियर प्राइम मिनिस्टर अंबानी’ लिखते हुए कहा कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि भारत में उनका इतना प्रभाव है। इससे पहले मस्क ने एक पोस्ट में सवालिया लहजे में लिखा था, ‘क्या भारत के असली बॉस अंबानी हैं’?
इसके एक दिन बाद मस्क ने फिर लिखा है कि भारतीय बाजार में स्टारलिंक जैसी विदेशी कंपनियों को भी उतरने की इजाजत मिलनी चाहिए। इसे लेकर मुकेश अंबानी पर तंज करते हुए मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा है, “डियर प्रधानमंत्री अंबानी जी, कृपया यह न समझ पाने की मेरी भूल को क्षमा करें कि भारत के असली मालिक आप ही हैं। जाहिर है, आप भारत के महान लोगों के बीच अपना एकाधिकार और फायदा बनाए रखना चाहेंगे, लेकिन फिर भी क्या आप ‘स्टारलिंक’ को भारत में मुकाबला करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे”?
उन्होंने आगे लिखा, “भारत में ऐसे कई इलाके हैं, जैसे दुनिया के हर देश में होते हैं, जहां इंटरनेट की पहुंच नहीं है। इस वजह से बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते हैं और छोटे कारोबारियों को अपना सामान दुनिया भर के बाजार में बेचने का मौका नहीं मिल पाता। स्टारलिंक उनके जीवन को बेहतर बना सकता है। धन्यवाद!”
