नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क ने भारत के सबसे बड़े कारोबारी मुकेश अंबानी के ऊपर लगातार तीसरे दिन निशाना साधा। मस्क ने कहा कि उनकी कंपनी स्टारलिंक को भारत में इंटरनेट सेवा देने का लाइसेंस मिल जाएगा तो इससे मुकेश अंबानी की कंपनी बंद नहीं हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सेटेलाइट के जरिए मिलने वाली स्टारलिंक की इंटरनेट सेवा की कीमतें भारत में काफी सस्ती होंगी।
भारत में मस्क की कंपनी की एंट्री को लेकर चल रहे विवाद के बीच मस्क ने कहा कि मार्केट में कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से आखिरी फायदा भारतीय उपयोक्ताओं को ही होगा। उन्होंने कहा कि स्टारलिंक के आने से अंबानी का मुनाफा थोड़ा घट सकता है, लेकिन उनका कारोबार बंद नहीं होगा। गौरतलब है कि जब से मुकेश अंबानी के साथ उनका विवाद सार्वजनिक हुआ तब से यह बताया जा रहा है कि स्टारलिंक की सर्विसेज बहुत महंगी हैं और भारत में लोग कीमत को लेकर बहुत संवेदनशील होते हैं।
गौरतलब है कि अपनी कंपनी को लाइसेंस मिलने में हो रही देरी के लिए मस्क रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को जिम्मेदारी बता रहे हैं और उनके खिलाफ लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। हाल ही में मस्क ने अपने एक पोस्ट में मुकेश अंबानी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘प्राइम मिनिस्टर अंबानी’ लिखा था। इससे पहले एक पोस्ट में उन्होंने अंबानी को भारत का रियल बॉस बताया था। उन्होंने अपनी एक पोस्ट में कहा कि स्टारलिंक भारत के बिना इंटरनेट वाले इलाकों में कनेक्टिविटी पहुंचा सकता है। इससे दूरदराज के वंचित बच्चों को शिक्षा और छोटे कारोबारियों को ग्लोबल मार्केट तक पहुंच मिलेगी।
