नई दिल्ली। पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सशस्त्र बलों के छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इन नामों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किया गया है। नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की थ्री डी वॉल पर साल 2025 के खंड में भी उनके नाम अंकित किए गए हैं।
शहीद जवानों में पांच थल सेना के और एक वायु सेना के जवान हैं। थल सेना के शहीद जवानों में लांस नायक दिनेश कुमार, एविएटर एम मुरलीनायक, सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार और हवलदार सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। वायु सेना के शहीद जवान का नाम सार्जेंट सुरेंद्र कुमार है। सुरेंद्र कुमार को वायु सेना पदक मिला है और राइफलमैन सुनील कुमार को वीर चक्र से सम्मानित किया गया है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय युद्ध स्मारत के त्याग चक्र में गोल ग्रेनाइट की 16 दीवारें हैं, जिन पर आजादी के बाद से देश के लिए अपनी जान देने वाले हर सैनिक का नाम, रैंक और यूनिट लिखी हैं। उसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए जवानों के नाम अंकित किए गए हैं। गौरतलब है कि, 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें धर्म पूछ 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी।
इसके बाद भारतीय सेना ने छह और सात मई की दरम्यानी रात को पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा से जुड़े नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए थे। भारत सरकार ने कहा था कि इन हमलों में एक सौ से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम और उसके कई सैन्य ठिकानों को भी नष्ट किया था। 10 मई को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी।
