नई दिल्ली। नेपाल की राजधानी काठमांडो के मेयर रहे बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना तय दिख रही है। पांच मार्च को हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती का काम चल रहा है, जिसमें बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी भारी बहुमत की ओर बढ़ रही है। कई दशक बाद संभवतः पहली बार ऐसा होगा कि नेपाल में किसी पार्टी को अकेले बहुमत प्राप्त होगा।
शुक्रवार की देर शाम तक आए रूझानों के मुताबिक 165 सीटों में 110 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आगे चल रही है। युवाओं के पसंदीदा रैपर और काठमांडो के पूर्व मेयर बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने पांच सीटें जीत ली थीं और 110 सीटों पर आगे चल रही थी। गौरतलब है कि आरएसपी का गठन 2022 में हुआ था। पिछले साल युवाओं के आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार का तख्तापलट हुआ था और बालेन शाह युवाओं की पसंद के तौर पर उभरे थे।
बहरहाल, गगन थापा की पार्टी नेपाली कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं, जबकि 11 सीटों पर आगे है। वहीं केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल भी 11 सीटों पर आगे चल रही थी। यानी दोनों बड़ी पार्टी बहुत बड़े अंतर से पीछे हैं। केपी ओली खुद भी झापा-5 सीट पर बालेन शाह से 10 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे थे। उनका चुनाव हारना तय हो गया है।
पिछले साल सितंबर में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद गुरुवार को हुए चुनाव में 60 फीसदी से ज्यादा लोगों ने वोट डाले। वोटों की गिनती में तीन से चार दिन लगने की उम्मीद है। चुनाव आयोग ने कहा है कि नौ मार्च तक काउंटिंग पूरी करने की कोशिश की जाएगी। हालांकि अंतिम नतीजे आने में और समय लगेगा।
