Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वेदांता पावर प्लांट का बॉयलर फटने से नौ की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर फट गया, जिसमें नौ मजदूरों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया है कि तीन मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल लाया गया, जहां छह मजदूरों ने दम तोड़ दिया है। बाकी 12 घायलों की हालत गंभीर है। बताया गया है कि घायल मजदूर 80 फीसदी झुलस गए हैं।

हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने घायलों से मिलने देने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर राज्य के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में हादसे पर दुख जताया और पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मरने वालों के परिजनों को एक एक करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इस घटना में नौ मजदूरों की मौत और 50 से अधिक के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि ‘हत्या’ बताते हुए प्लांट प्रबंधन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

Exit mobile version