Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जासूसी और आतंकी नेटवर्क के नौ संदिग्ध पकड़े गए

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने जासूसी और आतंकी नेटवर्क के नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि राजधानी दिल्ली में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के फिराक में लगे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और दाऊद इब्राहिम के अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े नौ लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार और विस्फोटक मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि ये लोग बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। यह भी बताया गया है कि इनके निशाने पर दिल्ली, मुंबई के प्रमुख धार्मिक स्थल, सरकारी इमारतें, मंत्रालय और सुरक्षा बल थे। पुलिस की जांच के मुताबिक यह आतंकी मॉड्यूल लंबे समय से तैयार किया जा रहा था। आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से भी संपर्क में थे।

पुलिस सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि आरोपी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के हैं। इनमें कुछ नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब मास्टरमाइंड और स्थानीय मददगारों की तलाश कर रही हैं। बताया गया है कि दिल्ली पुलिस अब इस मॉड्यूल के फंडिंग स्रोतों, भर्ती प्रक्रिया और लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम की जांच कर रही है। इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान का प्रयास भी किया जा रहा है।

Exit mobile version