Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कृषि उत्पादों को कोई टैरिफ छूट नहीं

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क की घोषणा के बाद शनिवार को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की ओर इस समझौते के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भारत और अमेरिका व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क घोषणा की तारीफ की। उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि उत्पाद अमेरिका में जीरो टैरिफ पर निर्यात किए जाएंगे, जबकि अमेरिका के कृषि उत्पादों को भारत में कोई टैरिफ छूट नहीं दी गई है।

पीयूष गोयल ने साफ किया कि इस समझौते में जेनेटिकली मॉडिफाइड यानी जीएम खाद्यान्नों को भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है। उन्होंने कहा, ‘यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 27.18 लाख करोड़ रुपए के बाजार को खोलेगा। इसके अलावा भारत ने अगले पांच साल में अमेरिका से 50 हजार करोड़ डॉलर यानी करीब 45 लाख करोड़ रुपए के उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है’।

गौरतलब है कि भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को अंतरिम व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क जारी किया है।  इसके तहत भारतीय सामान पर अमेरिका का टैक्स 25 फीसदी से घटा कर 18 फीसदी कर दिया गया है। साथ ही रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगाया गया 25 फीसदी अतिरिक्त टैक्स भी हटा लिया गया है। सोमवार, दो फरवरी की रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत के बाद इस समझौते की घोषणा हुई थी।

Exit mobile version