तिरुवनंतपुरम। केरलम में चुनाव प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट सहित सभी विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाया कि वे खाड़ी देशों के साथ संबंध बिगाड़ने वाला काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं की वजह से खाड़ी में रहने वाले भारतीय नागरिकों का जीवन खतरे में पड़ रहा है। पश्चिम एशिया में चल रही जंग के बीच पहली बार इस तरह का बयान दिया गया है। गौरतलब है कि केरल के लाखों लोग खाड़ी देशों में रहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस खाड़ी देशों को गाली देने के का काम कर रही है, जिससे वे देश नाराज हो जाएं और वहां मौजूद भारतीयों को परेशानी हो। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम के थिरुवल्ला में दावा किया कि इस बार के चुनाव में केरलम में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार जाएगी और भाजपा के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की सरकार आएगी। उन्होंने कहा, ‘मैं पहले भी केरलम आया हूं, लेकिन इस बार हवा का रुख कुछ अलग है। केरल एक ऐतिहासिक बदलाव के लिए तैयार है। इस बार सत्ता परिवर्तन होगा’।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि यहां सबरीमाला रेलवे प्रोजेक्ट इस इलाके में नई संभावनाएं खोल सकता है। यह सबरीमाला से सीधी कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, लोकल बिजनेस को नई रफ्तार देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी की डबल इंजन वाली सरकार सत्ता में आएगी, तो ऐसी सभी रुकावटें दूर हो जाएंगी, यह मोदी की गारंटी है।
मोदी ने कहा, ‘आज केरलम में युवाओं का पलायन सबसे बड़ी चिंता है। यहां रोजगार के लिए इंडस्ट्री लगाने की जरूरत है। यहां सर्विस सेक्टर बने, स्टार्टअप को जगह मिले, सही वेल्यू मिले। लेकिन यहां सबसे बड़ी दीवार करप्शन और कम्युनिलज्म है। जब ये दीवार टूटेगी तभी केरलम का विकास होगा’। उन्होंने कहा कि इसके लिए एलडीएफ और यूडीएफ को हराना होगा। उन्होंने तीन दिन के संसद सत्र में महिला आरक्षण कानून में संशोधन करने और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की सरकार की योजना की भी जानकारी दी।
