Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 23 सौ से ज्यादा मामले

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक एच1एन1 संक्रमण के मामले बढ़ कर 2,308 हो गए हैं। अन्य वैरिएंट के भी करीब साढ़े छह सौ मामले सामने आएं हैं, जिसके बाद दिल्ली में इन्फ्लूएंजा संक्रमण का आंकड़ा तीन हजार पार कर गया है। संक्रमण में तेजी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एच1एन1 की स्थिति पर आपात समीक्षा बैठक बुलाई है।

मुख्यमंत्री की बैठक से पहले मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एच1एन1 और वेक्टर जनित बीमारियों की स्थिति व तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने होने की आवश्यकता नहीं। स्कूलों के लिए भी इसी तरह का निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने कहा है कि अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, स्टाफ और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है।

हालांकि दिल्ली में एच1एन1 से अभी तक कोई मौत नहीं हुई है और कोई मरीज वेंटिलेटर या आइसीयू में नहीं है। दिल्ली के सफदरजंग, आरएमएल सहित प्रमुख सरकारी अस्पतालों में एच1एन1 और फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए उपचार और निगरानी की व्यवस्था की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 21 अगस्त को दिल्ली की एच1एन1 स्थिति और अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा की थी।

Exit mobile version