Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए

नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ देशों के बीच सभ्यताओं के बीच संवाद कार्यक्रम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए। तीन साल से ज्यादा समय के बाद कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आया है। आखिरी बार बिलावल भुट्टो जरदारी ने 2023 में भारत का दौरा किया था। बहरहाल, शुक्रवार को इस कार्यक्रम के पहले दिन मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फोरम के बाद भारत व पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे।

गौरतलब है कि 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले एससीओ फोरम में पाकिस्तान सहित एक दर्जन से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। एससीओ फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।

इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि संस्कृति की भूमिका सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि एक दूसरे के विचारों और रहन सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। आपसी संवाद से ही एक दूसरे का नजरिया समझने और पूरे क्षेत्र को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे को जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने अच्छी शुरुआत बताया। उन्होंने मुसादिक मलिक के भारत आने का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की नई शुरुआत होगी। फारूक ने कहा कि पुराने मुद्दों को फिर उठाने के बजाय शांति और बातचीत पर ध्यान देना चाहिए।

Exit mobile version