काबुल। पाकिस्तान ने सोमवार रात एक बार फिर अफगानिस्तान पर हवाई हमला किया। पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने राजधानी काबुल के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिनमें एक अस्पताल भी है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया के मुताबिक इस हमले में चार सौ लोगों की मौत हो गई, वहीं ढाई सौ से ज्यादा घायल हैं। खबरों के मुताबिक दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास कई जगहों पर धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर बम गिराए। तालिबान ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है और कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के एयरस्पेस का उल्लंघन किया है।
दूसरी ओर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। अफगानिस्तान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब नौ बजे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह अस्पताल दो हजार बेड का है। इसे भारी नुकसान हुआ है।
