नई दिल्ली। ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष और सोनिया व राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने पहले तो सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी लेकिन अब वे कांग्रेस के खिलाफ मोदी के बचाव में उतर गए हैं। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी के बयान का खंडन किया है। पित्रोदा ने कहा है कि नरेंद्र मोदी खुद किसी का फोन टेप नहीं कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि उनका फोन भी टेप हो रहा था।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही राहुल ने कहा था कि उनके फोन में बहुत सी गंभीर जानकारी है और उनका फोन टेप किया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि नरेंद्र मोदी को पता है कि उनका फोन टेप किया जा रहा है। इसके एक दिन बाद पित्रोदा ने एक निजी टेलीविजन चैनल को इंटरव्यू में कहा कि उनका फोन टैप किया जा रहा है, लेकिन पीएम मोदी खुद ऐसा नहीं करते।
इंटरव्यू के दौरान सैम पित्रोदा ने कहा, ‘पीएम खुद स्क्रूड्राइवर लेकर ऐसा नहीं कर रहे’। हालांकि, इसके बाद पित्रोदा ने यह नहीं कहा कि फोन टेपिंग के पीछे किसका हाथ है। इस तरह उन्होंने साफ साफ प्रधानमंत्री मोदी और सरकार का बचाव किया। इसके साथ ही पित्रोदा ने कहा कि राजनीति की लड़ाई को निजी रिश्तों पर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके निजी रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन राजनीति और विचारों को लेकर दोनों की सोच अलग है। मोदी हमेशा मेरे और मेरी पत्नी के साथ अच्छे से पेश आए हैं।
पित्रोदा ने इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी की खूब तारीफ की थी और उन्हें बहुत मेहनत करने वाला वे गर्मजोशी वाला नेता बताया था। उसके बाद शनिवार को उन्होंने प्रधानमंत्री का फोन टेपिंग के मामले में बचाव किया। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि मोदी को त्योहार की शुभकामनाएं देने का मतलब कांग्रेस और भाजपा के बीच रिश्ते सुधारना नहीं था। यह सिर्फ उनके और नरेंद्र मोदी के बीच निजी बातचीत थी।
