nayaindia PM Modi visit UAE France पीएम फ्रांस, अबू धाबी के दौरे पर
News

पीएम फ्रांस, अबू धाबी के दौरे पर

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से फ्रांस के दौरे पर जाएंगे। उसके बाद उनका अबू धाबी जाने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री 13 जुलाई को फ्रांस जाएंगे और 14 जुलाई को होने वाले फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बैस्टिल डे परेड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दो दिन की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 26 राफेल समुद्री लड़ाकू जेट यानी राफेल एम और तीन स्कॉर्पिन श्रेणी की पारंपरिक पनडुब्बी खरीदने के लिए सौदे का ऐलान कर सकते हैं। फ्रांस की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी अबू धाबी भी जाएंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 जुलाई तक फ्रांस दौरे पर रहेंगे। वे गुरुवार यानी 13 जुलाई को पेरिस पहुंचेंगे। वहां ला सीन म्यूजिकल में प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एलिसी पैलेस में अपने आधिकारिक आवास पर प्रधानमंत्री के सम्मान एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के दोपक्षीय मसलों बातचीत करने और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने की संभावना है।

प्रधानमंत्री 14 जुलाई को पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि होंगे। इसी दिन दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा होगी। मैक्रों लूव म्यूजियम के कौर मार्ली परिसर में मोदी के लिए एक औपचारिक डिनर होस्ट करेंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी को इस विश्व प्रसिद्ध संग्रहालय का दौरा भी कराएंगे। इसके बाद मोदी और मैक्रों लूव म्यूजियम की छत से एफिल टॉवर पर आतिशबाजी का आनंद लेंगे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के साथ भारतीय कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा। प्रधानमंत्री मोदी का फ्रांस का यह छठा दौरा है।

गौरतलब है कि भारत-फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी का ये 25वां साल भी है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच इस दौरान रक्षा, ऊर्जा, स्पेस, नई तकनीक का एजेंडा समेत दोपक्षीय मसलों पर बातचीत हो सकती है। रक्षा सौदे से जुड़े सवाल पर विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच काफी मजबूत रक्षा संबंध है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें