Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पांच देशों की यात्रा पर रवाना होंगे मोदी

pm modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, दो जुलाई को पांच देशों की यात्रा पर रवाना होंगे। उनकी यह यात्रा आठ दिन की है। इस दौरान वे ब्राजील में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इन पांच में से तीन देश घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और नामीबिया के दौरे पर पहली बार जाएंगे। उनकी यात्रा की शुरुआत घाना से होगी। इसके बाद त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना और ब्राजील जाएंगे। ब्राजील में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया पहुंचेंगे।

पीएम की घाना यात्रा का खास मकसद है। भारत वहां वैक्सीन हब बनाने में मदद करेगा ताकि वहां का स्वास्थ्य ढांचा मजबूत हो सके। गौरतलब है कि घाना इस समय आर्थिक संकट से जूझ रहा है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ की शर्तों के तहत सुधार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी घाना की संसद और वहां के करीब 15 हजार भारतवंशी लोगों को भी संबोधित करेंगे। भारत ने अब तक घाना में करीब 16 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है।

घाना के बाद प्रधानमंत्री मोदी त्रिनिदाद एंड टोबैगो जाएंगे। वहां भी प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी और यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली दोपक्षीय यात्रा होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री अर्जेंटीना जाएंगे और वहां के राष्ट्रपति जेवियर माइली से मुलाकात करेंगे। ब्राजील में प्रधानमंत्री पांच से आठ जुलाई तक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह शिखर सम्मेलन भारत के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें विकासशील देशों के आपसी सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होती है। ब्रिक्स सम्मेलन के बाद ब्राजील ने मोदी के लिए स्टेट डिनर का आयोजन किया है। यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया जाएंगे।

Exit mobile version