nayaindia PM Modi ‘इंडिया’ पर मोदी का बड़ा हमला
News

‘इंडिया’ पर मोदी का बड़ा हमला

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी पार्टियों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस यानी ‘इंडिया’ पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने इसकी तुलना भारत को लूटने वाली ईस्ट इंडिया कंपनी से की है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया तो आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के नाम में भी है। प्रधानमंत्री ने यह बात संसदीय दल की बैठक में कही और उसके बाद भाजपा के कई नेताओं ने ‘इंडिया’ को निशाना बनाया और इसकी तुलना प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी पीएफआई से भी की और कहा कि इंडियन नेशनल कांग्रेस की स्थापना भी एक अंग्रेज ने की थी।

मणिपुर के मसले पर संसद में चार दिन से चल रहे गतिरोध के बीच मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने अपने भाषण में विपक्ष पर जम कर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने विपक्ष के नए नाम ‘इंडिया’ पर तंज किया और कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी में भी इंडिया था और इंडियन मुजाहिदीन में भी इंडियन है लेकिन सिर्फ इंडिया नाम रखने से इंडिया नहीं हो जाता।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह से दिशाहीन है। उन्होंने  कहा- विपक्ष हताश और निराश है और उसके आचरण से पता चलता है कि उन्होंने लंबे समय तक विपक्ष में रहने का ही मन बना लिया है। ईस्ट इंडिया कंपनी और प्रतिबंधित संगठनों के नामों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सिर्फ देश का नाम इस्तेमाल करके ही लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि विपक्षी पार्टियों ने 18 जुलाई को बेंगलुरू में हुई बैठक में अपने गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ तय किया था।

मोदी ने अपने भाषण में कहा- विपक्षी पार्टियों ने इंडिया नाम, लोगों को गुमराह करने के लिए रखा है। विपक्ष, सत्ता में नहीं आना चाहता। लोगों को गुमराह करने के लिए ही इंडिया नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। ईस्ट इंडिया कंपनी में भी इंडिया है….विपक्ष दिशाहीन है। ऐसा लग रहा है कि विपक्ष ने मन बना लिया है कि उन्हें लंबे समय तक विपक्ष में ही रहना है। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत की छवि काफी बेहतर हुई है और हम इस दिशा में काम करने के लिए समर्पित हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा- अमृत काल के खत्म होने तक यानी 2047 में तक हम देश को विकसित देश बनाएंगे। देशवासियों को हमसे बड़ी उम्मीदें हैं और विपक्ष ये बात जानता है कि वह सत्ता में नहीं आने वाला। मोदी ने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में विपक्ष और टूटेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि लोगों के समर्थन से 2024 के चुनाव में भी भाजपा सत्ता में आएगी। उन्होंने दावा किया कि अगले कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें