कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उनको तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने के लिए प्रणब मुखर्जी ने कहा था। शुभेंदु ने मंगलवार को कोलकाता में एक सम्मेलन के दौरान यह बात कही। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी।
शुभेंदु का कहना है कि बातचीत के दौरान प्रणब मुखर्जी ने कहा था, ‘सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं। टीएमसी बुआ और भतीजे की पार्टी है, अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हैं तो यहीं रहिए। अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदीजी के साथ जाइए’। अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना ‘ओरिजिनल एडवाइजर’ बताया। कहा कि मुखर्जी अभिभावक की तरह थे।
हालांकि शुभेंदु अधिकारी ने यह नहीं बताया कि प्रणब मुखर्जी के साथ उनकी यह बातचीत कब हुई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद प्रणब मुखर्जी ने उनसे यह बात कही थी। गौरतलब है कि वे 2012 से 2017 तक राष्ट्रपति रहे थे। राष्ट्रपति पद से हटने के तीन साल बाद अगस्त 2020 में उनका निधन हुआ था। उसके बाद दिसंबर 2020 में शुभेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे।
