Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राष्ट्रपति ने देश को संबोधित किया

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने देश के लोगों को आजादी की 78वीं वर्षगांठ पर बधाई देते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया में देश का मान बढ़ा है और भारत ने कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व तरक्की की है। उन्होंने जी 20 देशों के सफल सम्मेलन का भी जिक्र किया। उन्होंने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का भी जिक्र किया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 14 अगस्त को हर साल विभाजन विभीषिका दिवस मनाने का फैसला किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- आजादी के त्योहार में शामिल होने वाले सभी देशवासी हमारा परिवार हैं। आजादी का यह पर्व हमें उन दिनों की याद दिलाता है, जब देश के लिए कई लोगों ने बलिदान दिया। हमारे स्वाधीनता सैनानियों ने हमें नई अभिव्यक्ति प्रदान की। सरदार पटेल, बोस, भगत सिंह, बाबा साहेब अंबेडकर जैसे कई अन्य लोग थे, जिनके बलिदान की सराहना होती रही है।

उन्होंने बुधवार को अपने संबोधन में कहा- आज 14 अगस्त को देश विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मना रहा है। लाखों लोगों को पलायन करना पड़ा और कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। हम उन परिवारों के साथ खड़े होते हैं, जिन्होंने अपने खो दिए। राष्ट्रपति ने आगे कहा- इस साल हमारे देश में आम चुनाव हुए। करोड़ों लोगों ने वोट डाला। मैं उन चुनावकर्मियों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मतदान के लिए भारी गर्मी में काम किया।

केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- भारत आठ प्रतिशत विकास दर से आगे बढ़ने वाला देश है। पीएम गरीब अन्न कल्याण योजना से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। ये इस बात को बताता है कि हम ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि गरीबी से निकले लोग फिर से गरीबी में न जाएं। उन्होंने कहा- हाल के वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर को काफी बढ़ावा मिला है। सरकार ने सेमी कंडक्टर जैसी चीजों को बढ़ावा देने के लिए कई काम किए हैं। बैंकिंग क्षेत्र में काफी तरक्की हुई है। तेज गति से हो रही प्रगति के चलते भारत का कद ऊंचा हुआ है। जी 20 के सफल आयोजन के बाद ग्लोबल साउथ की अवधारणा और मुखर हुई है।

Exit mobile version