नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल सितंबर में भारत आएंगे। ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पुतिन भारत आ रहे हैं। एक साल के अंदर यह उनकी दूसरी भारत यात्रा होगी। सरकार की ओर से मंगलवार को बताया गया कि रूसी राष्ट्रपति 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन पिछले साल दिसंबर में भारत यात्रा पर आए थे। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन को आधिकारिक तौर पर ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया था। गौरतलब है कि भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। पिछले दिनों ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी, जिसमें रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लवारोव शामिल हुए थे। ब्रिक्स दुनिया की बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें भारत, रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका शुरुआती सदस्य देश हैं और इनके अलावा मिस्र, ईरान, इथियोपिया, यूएई और इंडोनेशिया जैसे नए सदस्य भी शामिल हो चुके हैं।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी भी इस साल रूस के दौरे पर जाएंगे। इससे पहले पुतिन दिसंबर 2025 में भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। 2025 का दौरा इसलिए खास माना गया था, क्योंकि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन का पहला भारत दौरा था। इससे पहले वह आखिरी बार 2021 में नई दिल्ली आए थे।
