अहमदाबाद। गुजरात के केवड़िया में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का समारोह हुआ। इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले अभिनेता, अभिनेत्रियों और फिल्मकारों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर उन्होंने फिल्म जगत की मशहूर हस्तियों से हानिकारक पदार्थों के विज्ञापन नहीं करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने हर ज्यूरी पैनल में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
राष्ट्रपति मुर्मू ने फिल्मी हस्तियों से अपील करते हुए कहा, ‘फिल्म कलाकार बहुत लोकप्रिय होते हैं, उनमें देशवासियों विशेषकर युवाओं को प्रभाविक करने की क्षमता होती है। मैं ये अनुरोध करना चाहूंगी कि लोकप्रिय कलाकार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का एंडोर्समेंट न करें। स्टार वही है, जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं’।
बहरहाल, इस साल कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ और ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार दिया गया। यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। इस बार पुरस्कार वितरण का समारोह गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में हुआ। विजेताओं की घोषणा 18 जुलाई को हुई थी।
इस बार ‘श्रीकांत’ को बेहतरीन हिंदी फिल्म और ‘आर्टिकल 370’ को बेहतरीन फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला। तमिल स्टार धनुष को दो श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। एक्टर अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड 2024 दिया गया। उन्होंने कन्नड़, तेलुगू और हिंदी समेत तीन सौ से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
