Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केंद्र के साथ टीम में रहे सभी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के मुख्यमंत्रियों से टीम की तरह का काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर सारे राज्य केंद्र के साथ टीम की तरह मिल कर काम करें तो भारत 2047 से पहले ही विकसित देश बन सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में तीन मुख्यमंत्रियों, नीतीश कुमार, ममता बनर्जी और सिद्धारमैया को छोड़ कर बाकी सभी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें टीम इंडिया की तरह काम करना होगा। विकसित भारत हर भारतीय का लक्ष्य है। जब हर राज्य विकसित होगा, तो भारत विकसित होगा’। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीन मुख्यमंत्रियों के छोड़ कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उप राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और सीईओ शामिल हुए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी मुख्‍यमंत्र‍ियों से कहा, ‘हमें सिर्फ एक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, 2047 तक भारत को विकसित कैसे बनाएं। हमारा लक्ष्य हर राज्य को डेवलप, हर शहर को विकसित, हर नगरपालिका को विकसित और हर गांव को विकसित बनाना होना चाहिए’। उन्होंने कहा, ‘अगर हम इस दिशा में काम करेंगे तो हमें विकसित भारत बनने के लिए 2047 तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राज्‍य विकसित होंगे तभी भारत विकसित होगा। महिलाओं को अपनी टीम में शामिल कर उन्‍हें मौका दें। वन स्‍टेट, वन ग्‍लोबल डेस्‍ट‍िनेशन बनाएं। इससे डेवलप इंडिया बनाने में मदद मिलेगी’।

नीति आयोग के सीईओ बीआर सुब्रमण्यम ने मीटिंग के बाद इसमें हुए फैसलों की जानकारी दी। उन्‍होंने कहा, “बैठक का मेन एजेंडा था, ’डेवपल भारत डेवलप स्‍टेट’। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राज्यों से कहा कि वे अपने अपने विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें और इसे जल्दी सार्वजनिक करें”। सुब्रमण्यम ने कहा, “भारत आज चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुका है और जापान को पीछे छोड़ चुका है। अगर योजना के अनुसार काम किया गया, तो भारत अगले ढाई से तीन वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा”।

Exit mobile version