नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने यह सुझाव दिया है। सर्वोच्च अदालत ने कहा है कि दिल्ली में हर साल सर्दियों में होने वाले प्रदूषण से निपटने के स्थायी उपाय के तौर पर दिल्ली में सिर्फ बीएस छह वाहन चलाने पर विचार होना चाहिए। अदालत ने कहा कि वह चाहती है कि अगर एनसीआर में नहीं तो कम से कम दिल्ली में सिर्फ बीएस छह वाहन चलें।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच ने वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। अदालत ने इस बार सिर्फ वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई पर चिंता नहीं जताई, बल्कि पांच साल का दीर्घकालिक प्लान भी मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण फैलाने वाले कॉमर्शियल वाहनों पर रोक लगाने की भी बात कही।
गौरतलब है कि बीएस छह वाहन सख्त उत्सजर्न मानकों का पालन करने वाले हैं यानी इनसे उत्सर्जन कम होता है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले कॉमर्शियल वाहनों को आने से रोकने की योजना बनानी होगी। साथ ही, यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि सामान की सप्लाई भी रुकनी नहीं चाहिए।
चीफ जस्टिस ने कहा, ‘कॉमर्शियल गाड़ियों को दिल्ली में बिल्कुल एंट्री न दें। इसका तरीका क्यों नहीं खोजते। लोगों को सब्जियां, फल और रोजमर्रा की दूसरी चीजें चाहिए। इसका विकल्प क्या हो सकता है’? चीफ जस्टिस ने आगे कहा कि राज्य की सीमा पर वेयर हाउस बनाने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने पूछा कि क्या वहां से बैटरी से चलने वाले या प्रदूषण न फैलाने वाले वाहनों से सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है?
चीफ जस्टिस ने कहा, ‘इस तरह की व्यवस्था इस साल या अगले साल संभव नहीं हो सकती। लेकिन इसे पांच साल में क्यों नहीं किया जा सकता’? सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान एनसीआर के राज्यों से प्रदूषण के मुद्दे पर जवाबदेही भी तय करने को कहा। कोर्ट ने सवाल किया कि संबंधित राज्य इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा क्यों नहीं ले रहे हैं? कोर्ट ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने वाली स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।
