Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लोकसभा सीट 850 करने का प्रस्ताव

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ा कर साढ़े आठ सौ करने का प्रस्ताव रखा है। जानकार सूत्रों के मुताबिक संसद के 16 अप्रैल से होने वाले तीन दिन के सत्र में जो विधेयक लाया जाएगा उसमें महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने के साथ साथ लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ा कर साढ़े आठ सौ करने का प्रस्ताव है। बताया जा रहा है कि इनमें से 815 सीटें राज्यों के लिए और बाकी 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं। फिलहाल लोकसभा में 543 सीटें हैं।

गौरतलब है कि सरकार ने 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिन सत्र चलाने का फैसला किया है, जिसमें 2029 से लोकसभा और राज्यों की विधानसभा में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाया जाएगा। पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस बिल को मंजूरी दी गई थी।

सरकार ने मंगलवार को संविधान (131वां संशोधन) बिल, परिसीमन विधेयक (संशोधन) बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल, 2026 का मसौदा सभी सांसदों को भेजा है। बताया जा रहा है कि इसमें एक जरूरी बदलाव जनसंख्या की परिभाषा है। इससे संसद को यह तय करने का अधिकार मिलता है कि सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए किस आंकड़े को आधार बनाया जाए। इसके लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई है। इन बदलावों को 2029 के आम चुनाव से लागू करने की योजना है। इस पर कांग्रेस ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

Exit mobile version