नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के हॉस्टल हादसे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हर बार भाजपा सरकार का वही शर्मनाक पैटर्न होता है। उन्होंने लिखा कि हादसों से पहले रोकथाम नहीं होती है, उसके बाद बयानबाजी होती है, कुछ छोटे अफसरों पर जिम्मेदारी मढ़ दी जाती है, और असली गुनहगार जवाबदेही से मुक्त रहते हैं।
राहुल गांधी ने भाजपा के साथ साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर ऐसे हादसों को रोकने और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि जो लोग सरकार से सवाल करते हैं उन्हें वो ‘दिमागी नक्सल’ और ‘नाराज फूफा’ जैसे अपमानजनक तमगे देते हैं, ताकि उन्हें बदनाम करके चुप कराया जा सके।
राहुल गांधी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सत्य निकेतन में हुआ हादसा कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने पिछले चार महीनों में सैदुलाजाब में इसी तरह की घटना में छह लोगों की मौत और हौज रानी में आग लगने से 22 लोगों की मौत का भी जिक्र किया।
