गुवाहाटी/नई दिल्ली। असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अंदर की कलह सामने आ गई। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दिग्गज नेता भूपेन बोरा ने पार्टी से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। हालांकि बाद में राहुल गांधी ने खुद उनसे फोन पर बात की और इस्तीफा वापस लेने को कहा। फिर भी जानकार सूत्रों का कहना है कि बोरा ने इस्तीफा वापस नहीं लिया है। उन्होंने राहुल गांधी से कहा है कि वे 24 घंटे तक विचार करने के बाद फैसला करेंगे।
इससे पहले भूपेन बोरा के इस्तीफे की खबर आने के बाद प्रदेश के नेता और केंद्रीय नेताओं ने उनकी मान मनौव्वल शुरू कर दी। थोड़ी देर के बाद प्रदेश के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने भूपेन बोरा के साथ मीडिया के सामने आकर कहा कि उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया है। जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘यह हमारे परिवार का मामला है, इसे हम आपस में सुलझा लेंगे’।
हालांकि जानकार सूत्रों का कहना है कि भूपेन बोरा ने अभी इस्तीफा वापस नहीं लिया है। जितेंद्र सिंह और गौरव गोगोई के मनाने के बाद राहुल गांधी से फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद भूपेन बोरा ने 24 घंटे का समय मांगा है। भूपेन बोरा इस्तीफा वापस लेंगे या नहीं यह मंगलवार को साफ होगा। कांग्रेस को पता है कि अगर चुनाव से पहले भूपेन बोरा ने पार्टी छोड़ी तो बड़ा नुकसान होगा। वे पिछले 35 साल से कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं।
