Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उत्तर भारत में रिकार्ड तोड़ ठंड

Cold wave

नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के सभी राज्यों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। दिलली में गुरुवार को सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। उधर जम्मू कश्मीर में पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे है। इसके कारण बुधवार को प्रसिद्ध डल झील और कश्मीर के कई जल स्त्रोत जम गए। श्रीनगर में मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।

अगर मैदानी इलाकों की बात करें तो सबसे ज्यादा ठंड राजस्थान में पड़ रही है। राजस्थान में कई जगह तापमान माइनस में पहुंच गया है। बुधवार को हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान माइनस तीन डिग्री सेल्सियस रहा। सीकर के फतेहपुर में तापमान 0.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य में 19 जनवरी से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। राजधानी दिल्ली में लगातार चार दिन से शीत लहर चल रही है। गुरुवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। पालम में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो 2010 के बाद का सबसे कम तापमान है। आयानगर में 2.7 और सफदरजंग में 2.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

दिल्ली से सटे हरियाणा में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हिसार में सर्दी का पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया। वहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज हुआ। उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भीषण सर्दी के कारण गुरुवार को 12वीं क्लास तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। यहां नदी और झरनों में पानी जम गया है। हिमाचल प्रदेश में 16 से 18 जनवरी के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट, कड़ाके की सर्दी हो सकती है।

Exit mobile version