Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एनवीडिया के सीईओ का इस्तीफा

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग को आखिरकार इस्तीफा देना पड़ा। चीन की महिला जासूस के साथ संबंध रखने के आरोपों में घिरे हुआंग ने आरोप सामने आने के करीब दो हफ्ते के बाद इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी यानी सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। इस बीच हुआंग के विवाद की वजह से कंपनी के शेयरों में आठ फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है।

अमेरिकी अखबार ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की 29 अक्टूबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट में हुआंग और चीनी एजेंट एलिस की करीबी मुलाकातों का खुलासा हुआ था। इसमें बताया गया कि, सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं। यह भी आशंका जताई गई थी कि एलिस के जरिए चीन ने अमेरिका की सबसे एडवांस एआई चिप तकनीक और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर ली हैं।

बहरहाल, अखबार के खुलासे के दो दिन बाद यानी एक नवंबर को जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया के सभी कर्मचारियों को इंटरनल मैसेज भेजकर माना कि वे अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। हुआंग ने लिखा, ‘मेरे इस कदम से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरा दुख पहुंचा है। मुझे इसका पछतावा है। मेरी जिम्मेदारी आप सभी का भरोसा बनाए रखने की थी, लेकिन मैं इसमें नाकाम रहा’। हालांकि, उन्होंने किसी महिला का नाम नहीं लिखा।

इस बीच यह भी खबर आई है कि राष्ट्रपति ट्रंप को इस बारे में पहले ही पता चल गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस साल मई में चीन यात्रा से पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी। अमेरिकी मीडिया ने जानकार सूत्रों के हवाले से बताया है कि ट्रंप को खुफिया मेमो में बताया गया था कि हुआंग के संबंध एक ऐसी महिला से हैं, जिसे अमेरिकी अधिकारी चीनी जासूस मान रहे हैं। इसके बावजूद ट्रंप हुआंग को बीजिंग ले गए थे।

अभी चीन की महिला जासूस के साथ जेन्सेन हुआंग के संबंधों का विवाद चल ही रहा था कि उनके दूसरे अफेयर के बारे में भी पता चला है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के मुताबिक हुआंग का कंपनी की महिला अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ अफेयर था। किम्बर्ली सीधे जेन्सेन हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। इस विवाद के बीच कंपनी की बाजार पूंजी 27 लाख करोड़ रुपए कम हो चुकी है।

Exit mobile version