Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अन्ना डीएमके के तीन विधायकों का इस्तीफा

चेन्नई। अन्ना डीएमके के दो हिस्सों में बंटने के बाद पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। उसके तीन विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। पार्टी के बागी नेताओं सीवी षणमुगम और वेलुमनि के तीन विधायकों ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। हालांकि इस बीच यह भी खबर है कि पार्टी के पांच विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री ई पलानीसामी से मुलाकात की और दोनों गुटों को फिर से एक करने की मांग की।

दूसरी ओर बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय अपनी पार्टी टीवीके के सदस्यों की संख्या बढ़ा कर 118 करना चाहते हैं कि ताकि वे अकेले पूर्ण बहुमत हासिल कर सकें। तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद खबर है कि ये तीनों विजय की पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। इस्तीफा देने वाले विधायकों में मरगथम कुमारवेल, पी सत्यभामा और एस जयकुमार शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने तीनों विधायकों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

स्पीकर से मिलने के बाद तीनों विधायक टीवीके नेता और पीडब्लुडी मंत्री आधव अर्जुना से मिले। इस्तीफा देने वाले विधायक कुमारवेल ने कहा कि वे जल्दी टीवीके मुख्यालय में पार्टी जॉइन करेंगे। इस्तीफा देने वाले तीनों विधायक उन 25 अन्ना डीएमके विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने 13 मई को पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर विधानसभा में बहुमत साबित करने के दौरान टीवीके सरकार के समर्थन में वोटिंग की थी।

Exit mobile version