Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सतीशन ने 20 मंत्रियों के साथ शपथ ली

तिरुवनंतपुरम। केरलम में नई सरकार का गठन हो गया है। कांग्रेस के वीडी सतीशन सोमवार को केरलम के 13वें मुख्यमंत्री बने। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उनके साथ 20 मंत्रियों की पूरी कैबिनेट को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए। निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व अन्य नेता भी भी शपथ में मौजूद रहे।

सतीशन की शपथ में भी एक रिकॉर्ड बना। 64 साल के बाद ऐसा हुआ कि मुख्यमंत्री के साथ पूरी कैबिनेट ने शपथ ली। इससे पहले राज्य के तीसरे कांग्रेसी मुख्यमंत्री रहे आर शंकर ने 1962 में पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी। हालांकि 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। बहरहाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे रमेश चेन्निथला भी सतीशन सरकार में मंत्री बने हैं।

गौरतलब है कि केरलम की वीडी सतीशन सरकार में 14 विधायकों ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस के 12 और मुस्लिम लीग के पांच विधायक मंत्री बने हैं। बाकी चार मंत्री अलग अलग चार पार्टियों के हैं। कांग्रेस ने स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पद भी अपने पास रखा है। तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है।

केरलम विधानसभा में विधायकों का शपथ ग्रहण के बाद 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। नई विधानसभा में राज्यपाल का अभिभाषण 29 मई को होगा। राज्य का बजट पांच जून तक पेश किए जाने की संभावना है। बहरहाल, सोमवार को शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री सतीशन ने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस दौरान कई बड़े फैसले किए गए। इसमें महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का फैसला भी शामिल है।

Exit mobile version