अमेरिका में सीनेट की एक समिति ने एनवीडिया के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग को एक महिला के साथ कथित प्रेम संबंधों और उस महिला पर चीनी जासूस होने के संदेह को लेकर अगले महीने के गवाही देने के लिए बुलाया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल एनवीडिया के प्रमुख पद से श्री हुआंग ने गुरुवार को अचानक इस्तीफा दे दिया। विवाहेतर संबंधों के कथित खुलासों के बाद उनकी प्रतिष्ठा को बड़ा झटका लगा है। इस घटनाक्रम से सिलिकॉन वैली में हलचल मच गयी है।
वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक को भी दिसंबर में सीनेट की बैंकिंग समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है। उन पर चीन को एनवीडिया की संवेदनशील कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) चिप के निर्यात के मामले में सवाल उठ रहे हैं। इस विवाद के सुर्खियों में छाए रहने के बीच केवल पांच दिनों में शेयर बाजार में एनवीडिया का बाजार मूल्य 550 अरब डॉलर (415 अरब पाउंड) घट गया है। सीनेटर टिम स्कॉट ने गुरुवार को श्री हुआंग और श्री लटनिक को पत्र भेजकर सीनेट की बैंकिंग समिति के सामने गवाही देने का अनुरोध किया।
दक्षिण कैरोलिना से रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर स्कॉट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “हालिया खबरों से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनशील अमेरिकी प्रौद्योगिकी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा, “अमेरिकी जनता जवाब पाने की हकदार है। श्री स्कॉट ने श्री हुआंग से तीन दिसंबर को स्वेच्छा से समिति के सामने पेश होने को कहा है। हालांकि, उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि समिति उनकी गवाही सुनिश्चित करने के लिए समन जारी कर सकती है।
अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों- खुफिया मामलों, विदेश मामलों और चीन से संबंधित एक समिति- ने भी श्री हुआंग को पत्र भेजकर एक दिसंबर को बंद कमरे में होने वाली पूछताछ के लिए बुलाया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के कुछ अज्ञात अधिकारियों द्वारा अमेरिकी मीडिया को जानकारी दिए जाने के बाद लटनिक की भूमिका की जांच हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, वाणिज्य मंत्री ने चीन को अत्याधुनिक एआई चिप के निर्यात पर प्रतिबंध और सख्त करने के प्रयासों में देरी की थी।
Also Read : मतदान केन्द्रों वाले विद्यालयों में स्थानीय अवकाश घोषित
वाणिज्य विभाग के एक प्रवक्ता ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि श्री लटनिक ने सीनेट की बैंकिंग समिति के सामने पेश होने के लिए “स्वेच्छा से” सहमति दे दी है।
श्री हुआंग वर्ष 1993 से एनवीडिया का सार्वजनिक चेहरा रहे हैं। उन्होंने रविवार को अपनी पत्नी के प्रति “बेवफा” होने की बात स्वीकार की थी। इससे पहले खबरें आई थीं कि उनका एलिस हुआंग नाम की एक ऐसी महिला के साथ प्रेम संबंध था, जिस पर चीनी जासूस होने का संदेह है। इस बीच बुधवार को खबर आई कि श्री हुआंग का एक दूसरा कथित संबंध भी था। इस बार यह संबंध एनवीडिया की एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ बताया गया।
एलिस हुआंग का श्री जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में काम कर चुकी हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, उन पर चीन के लिए खुफिया गतिविधियों में शामिल होने का संदेह जताया गया है। चीन ने इस आरोप को दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार बताते हुए खारिज किया है।
अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने गुरुवार को कहा कि न्याय विभाग ने अभी तक इस बारे में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल थीं या नहीं। एनवीडिया के अधिकारियों ने बुधवार से इस मामले पर टिप्पणी करने से बार-बार इनकार किया है। श्री हुआंग के निजी प्रतिनिधि ने भी गुरुवार को कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, हुआंग का दूसरा कथित प्रेम संबंध एनवीडिया की लंबे समय से वरिष्ठ अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ था। कंपनी में पॉवेल सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं।
पहला कथित प्रेम संबंध सार्वजनिक होने के बाद भी व्यापक रूप से माना जा रहा था कि हुआंग इस विवाद से उबर जाएंगे। इसी बीच एनवीडिया ने यह जांच शुरू करने की घोषणा की थी कि कहीं उसके सीईओ किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने थे। एनवीडिया के एक मौजूदा कर्मचारी ने बीबीसी को बताया कि श्री हुआंग के विवाहेतर संबंधों की शुरुआती खबरों को कंपनी के सामान्य कर्मचारियों ने कमोबेश नजरअंदाज कर दिया था।
Pic Credit : UNI
