नई दिल्ली। अमेरिका और इजराइल के साझा हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के खिलाफ दुनिया भर के देशों में प्रदर्शन हो रहे हैं। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सोमवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन हुए। पाकिस्तान में अमेरिका और इजराइल के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 23 हो गई है। इस बीच सोमवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित बाल्टिस्तान में सात प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है।
असल में सोमवार की सुबह गिलगित बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के ऑफिस में आग लगाई। वहीं, स्कार्दू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों को जला दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों की ओर से की गई फायरिंग में सात प्रदर्शनकारी मारे गए, जबकि 12 से ज्यादा घायल हैं। इससे पहले रविवार को पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा हुआ था। इस मामले में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा घायल हैं।
