Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजार में डूबे पांच लाख करोड़

stock market

मुंबई। शुक्रवार को कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट हुई, जिससे शेयरधारकों के पांच लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए। शुक्रवार, छह अगस्त को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक एक हजार अंक से ज्यादा गिरा। निफ्टी में भी एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। बीएसई का संवेदी सूचकांक 1,017 अंक यानी 1.24 फीसदी की गिरावट के साथ 81,183 पर बंद हुआ। निफ्टी 292 अंक यानी 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ 24,852 बंद हुआ। इस भारी गिरावट से शेयरधारकों के पांच लाख 30 हजार करोड़ रुपए डूबे।

बीएसई के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट रही और सिर्फ सात शेयरों में तेजी रही। निफ्टी के 50 शेयरों में से 42 में गिरावट रही। एनएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। सरकारी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा 3.57 की गिरावट हुई। रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक और इंफोसिस के शेयरों में गिरावट से बाजार बहुत नीचे गया। रिलायंस के शेयरों में सबसे ज्यादा करीब 169 अंक की गिरावट हुई।

एशिया के सभी शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट का ट्रेंड रहा। जापान के निक्‍केई में 0.72 फीसदी और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 0.075 फीसदी की गिरावट रही। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.81 फीसदी और कोरिया का कोस्पी 1.21 फीसदी गिरा।

Exit mobile version