Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाई गई

Rajasthan, Aug 19 (ANI): Former Madhya Pradesh Chief Minister Shivraj Singh Chauhan addresses a press conference at BJP office in Jaipur on Monday. (ANI Photo)

नई दिल्ली। खुफिया सूचना मिलने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके पास पहले से जेड प्लस की सुरक्षा है लेकिन अब उसमें अतिरिक्त सुरक्षा बंदोबस्त जोड़े गए हैं। बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जान का खतरा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को उन पर हमले का इनपुट मिला है। जिसके बाद शुक्रवार देर रात भोपाल और दिल्ली में उनके आवास पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई। हालांकि सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद सोशल मीडिया में यह अटकल भी लगाई जाने लगी कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष होने जा रहे हैं।

बहरहाल, खुफिया एजेंसियों की सूचना के बाद भोपाल में शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगला स्थित बी, आठ आवास के चारों तरफ पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है। दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। गृह मंत्रालय ने शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाने को कहा था। मंत्रालय की ओर से जारी चिट्ठी में कहा गया है कि आईएसआई केंद्रीय कृषि मंत्री के बारे में जानकारी इकट्‌ठा कर रही है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की सलाह से केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। जिसके बाद इसे और सख्त कर दिया गया है। नए इनपुट मिलने के बाद केंद्र ने मध्य प्रदेश के पुलिस प्रमुख, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त और मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को सुरक्षा पुख्ता करने का निर्देश भेजा है।

Exit mobile version