Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

व्हाइट हाउस के बाहर गोली चली

US Terrorist Attack

वॉशिंगटन। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में एक संदिग्ध शख्स ने व्हाइट हाउस के पास करीब 30 राउंड फायरिंग की है। भारतीय समयानुसार यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े तीन बजे से सुबह पांच बजे के बीच हुई। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध हमलावर ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर गोलियां चलाईं, जहां अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे।

अधिकारियों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान 21 साल के नासिर बेस्ट के तौर पर हुई है। वह अमेरिका के मैरीलैंड राज्य का रहने वाला था। इस गोलीबारी में एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि उसे हमलावर की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस घटना से कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी को भी हत्या की धमकी मिली थी। इस मामले में एक इराकी युवक को गिरफ्तार किया गया था। वह ईरानी सेना से जुड़ा हुआ था। आरोपी के पास इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट यानी नक्शा भी मिला था। बहरहाल, व्हाइट हाउस के बाहर गोली चलाने वाले नासिर बेस्ट के बारे में मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से परेशान था और वह पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के आसपास देखा गया था। उसके खिलाफ कोर्ट का आदेश था कि वह व्हाइट हाउस के पास नहीं आए, लेकिन उसने इस आदेश को नहीं माना।

Exit mobile version