Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सऊदी में हालात बिगड़े, भारतीय की मौत

नई दिल्ली। खाड़ी देशों में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। एक तरफ अमेरिका नए सिरे से ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है तो दूसरी ओर यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमला तेज कर दिया है। जवाब में सऊदी अरब भी हमले कर रहा है। हूती विद्रोहियों के एक हमले में बुधवार की रात को एक भारतीय सहित तीन लोगों को मौत गई है। इस हमले में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक हैं।

उधर हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने 14 भारतीय नाविकों वाले एक जहाज पर हमला किया। उनका दावा है कि हमला लाल सागर में किया गया और यमन ने सभी नाविकों को सुरक्षित निकाला। हालांकि हूती विद्रोहियों के इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है। सऊदी अरब ने भी इस दावे पर गुरुवार देर शाम तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

इससे पहले सऊदी अरब में बुधवार देर रात दम्मम शहर के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की मौत हुई। वहीं दो भारतीयों समेत आठ लोग लोग घायल हुए। इसके साथ ही सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको के तेल ठिकाने पर भी ड्रोन से हमला हुआ। इस हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक एक नागरिक की जान गई। वहां एक भारतीय सहित दो लोग घायल हुए।

गौरतलब है कि इस महीने हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर छह बड़े हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है और 370 घायल हुए हैं। सऊदी अरब के नागरिक विमानन प्राधिकरण ने गुरुवार को हवाईअड्डे पर हमले की जानकारी देते हुए बताया कि इस हमले में एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद इस एयरपोर्ट पर आने जाने वाली उड़ानों का रास्ता बदल दिया गया है। सऊदी अरब का दावा है कि उसने कई ड्रोन हमलों को नाकाम किया है।

Exit mobile version